देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): केन्द्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न लोक कलाकारों और गायकों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि सरकार की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम एक अदभुत प्रयोग है।
वहीं, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि सरकार स्थानीय कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वास्तव में स्थानीय बोली भाषा ही सरकार की नीति, योजनाओं और कार्यक्रमों को आम नागरिकों तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम होता है।
कार्यक्रम में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा की। कार्यक्रम में नरेन्द्र सिंह नेगी और दिग्विजय परिहार ने विभिन्न प्रस्तुतियां भी दी। कार्यक्रम के अन्तर्गत सरकारी योजनाओं और जनोपयोगी सेवाओं की प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी भी दी गई।



