UCC की अध्यक्ष ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को लेकर राष्ट्रीय विधि आयोग के अध्यक्ष से की भेंट .

देहरादून/नई दिल्ली (हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता विशेषज्ञ समिति की अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई ने विधि आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश ऋतुराज अवस्थी से उत्तराखंड सदन नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। 

इस दौरान मीडिया से अनौपचारिक संवाद के दौरान रंजना प्रकाश देसाई ने जानकारी दी कि उन्होंने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता के संबंध में अभी तक हुए कार्य की सामान्य जानकारी राष्ट्रीय विधि आयोग के अध्यक्ष के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता पर अभी तक काफी काम किया जा चुका है। राज्य में समान नागरिक संहिता के सभी हितधारकों से चर्चा भी की जा चुकी है। 

समान नागरिक संहिता की उप समितियों ने विभिन्न धर्मों, समुदायों, हितधारकों और वर्गों से इस संबंध में विचार विमर्श किया है। सभी राजनीतिक दलों के साथ भी इस संबंध में बैठक कर उनके सुझाव प्राप्त कर लिए गए हैं। सेवानिवृत न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई ने कहा कि हमारी अपेक्षा है समान नागरिक संहिता पर बनाया गया हमारा ड्राफ्ट सभी को पसंद आए। इस दिशा में हमें सभी समुदायों का सहयोग मिल रहा है।