देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड में मौसम में सुधार होने और सड़कों की मरम्मत के साथ चारधाम यात्रा और पंजीकरण प्रक्रिया 5 सितंबरसे फिर शुरू हो गई। हालाँकि हाल ही में तेज बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाने से गंगोत्री और यमुनोत्री की तीर्थयात्रा अभी स्थगित है।
सड़क मार्ग चालू हो जाने से इन दोनों तीर्थ स्थलों की यात्रा फिर शुरू हो सकती है। जिलाधिकारियों को आवश्यकतानुसार यात्रा का प्रबंधन या निलंबन करने का अधिकार दिया गया है।
इससे पहले राज्य में मूसलाधार बारिश के कारण चारधाम यात्रा 5 सितंबर तक अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। इस बीच, आज पूरे राज्य में मौसम साफ है लेकिन आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है।
भारी बारिश के कारण 1 से 5 सितम्बर तक रोकी गई केदारनाथ यात्रा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन की टीमों की कड़ी मेहनत से यात्रा मार्ग सुरक्षित होने पर 5 सितम्बर से यात्रा फिर शुरू हो चुकी है। अब हजारों श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं।



