देहरादून/रुद्रप्रयाग: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि धाम में धार्मिक परंपरा के अनुसार दर्शन करें जिससे कि धार्मिकता बरकरार रहे। किसी भी तरह से पिकनिक की दृष्टि से न आएं।
रुद्रप्रयाग पहुंचे पर्यटन मंत्री ने केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे तीर्थ यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केदारनाथ धाम में मौसम खराब हो रहा है और दो बार ग्लेशियर टूटने के कारण यात्रा मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है।
इस विषम परिस्थितियों में भी मार्ग को आवागमन के लिए खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यात्रा को नियंत्रित किया जा रहा है और केदारनाथ धाम में उपलब्ध सुविधा और मौसम के अनुसार ही यात्रियों को दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।
पर्यटन मंत्री ने तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनायें। बैठक में उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएं। पर्यटन मंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा के कपाट खुलने से अब तक 3 लाख 52 हजार 87 तीर्थ यात्री चारों धाम के दर्शन कर चुके हैं।
#chardhamyatra2023,,



