देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): प्रदेश की महिला सशक्तिकरण, बाल विकास एवं खेलमंत्री रेखा आर्य ने हरिद्वार जिले के रोशनाबाद में स्पोर्ट्स स्टेडियम, बालिका छात्रावास और वंदना कटारिया स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने मल्टीपर्पज हॉल व हॉस्टल के निर्माण की प्रगति की अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही सभी निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मंत्री को जानकारी दी कि वंदना कटारिया स्टेडियम में चल रहे छात्रावास का निर्माण कार्य इसी वर्ष माह अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मंत्री बालिका छात्रावास पहुंचीं और वहां रह रही छात्राओं से संवाद किया। बाद में मंत्री ने राजकीय बाल संप्रेषण गृह पहुंचकर बच्चों का हालचाल भी जाना।



