G-20 देशों के एंटी-करप्शन वर्किंग ग्रुप की दूसरी बैठक हुई संपन्न, कल ओणी गांव भ्रमण का करेंगे डेलिगेट्स .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): G-20 देशों के एंटी-करप्शन वर्किंग ग्रुप की दूसरी बैठक आज नरेंद्रनगर में संपन्न हो गई। तीन दिवसीय इस बैठक का उद्घाटन .25 मई को रक्षा और पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने किया था। बैठक में 20 सदस्य देशों, 10 आमंत्रित देशों और यू.ए..ओ.डी.सी., ओ.ई.सी.डी., एगमॉन्ट ग्रुप, इंटरपोल और आई.एम.एफ. सहित 9 अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के 90 प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। 

बैठक के दौरान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भ्रष्टाचार के लैंगिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में एसेट रिकवरी, भगोड़े आर्थिक अपराधियों, सूचना साझा करने के लिए सहयोग के औपचारिक और अनौपचारिक चैैनलों, भ्रष्टाचार से निपटने के लिए संस्थागत ढांचे और आपसी कानूनी सहायता से संबंधित कई प्रमुख विषयों और क्षेत्रों पर चर्चा हुई। 

प्रतिनिधियों ने बैठक में भ्रष्टाचार को रोकने और उससे मुकाबला करने के लिए तीन उच्चस्तरीय सिद्धांतों पर सहमति व्यक्त की। ये सिद्धांत हैं; जिम्मेदार सार्वजनिक निकायों और प्राधिकरणों की अखंडता और प्रभावशीलता को बढ़ावा देना, भ्रष्टाचार का मुकाबला करने के लिए कानून प्रवर्तन संबंधी अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और सूचना साझाकरण को मजबूत करना और भ्रष्टाचार से संबंधित संपत्ति वसूली तंत्र को मजबूत करना। 

इस बीच नरेंद्रनगर में जुटे जी-20 देशों के प्रतिनिधियों का कल ओणी गांव भ्रमण का कार्यक्रम है। नरेंद्रनगर के इस गांव में ही देेसी -विदेशी मेहमान भोजन करेंगे। भोज में उत्तराखंडी व्यंजन परोसे जाने की भी तैयारी है। वरिष्ठ अधिकारी पूरी टीम के साथ कल होने वाले भ्रमण कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं। ओंणी के ग्रामीण भी अपने गांव को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलने पर काफी खुश हैं।

#Onivillage,#G-20countries,#G20India,#G20Summit,#G20SummitInUttarakhand,,