उत्तराखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मानसून की तैयारी की शुरू, आपदा प्रबंधन सचिव ने VC के जरिए सभी DM की ली बैठक .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मानसून को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा ने इस संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जिलाधिकारियों की बैठक ली। सचिव ने जिलाधिकारियों को आपदा से बचाव के लिए अनिवार्य रूप से मॉक ड्रिल करने के आदेश दिये। 

आपदा की स्थिति में जिलों से सम्पर्क बनाये रखने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित कर लें, जो समय से जिलों की समस्याओं को उचित स्तर पर पहुंचाने का कार्य करे। सचिव रंजीत सिन्हा ने कहा कि सभी जिले अपने संसाधनों जिसमें भोजन, पानी, मेडिसन आदि के भंडारण तथा अति संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लें। 

मार्गों पर आपदा से संबंधित अधिकारियों के सम्पर्क सूत्र एवं डिटेल वाले होर्डिंग स्थापित करने से आपदा की स्थिति में आमजन को काफी सुविधा होगी। बैठक में आपदा की स्थिति में बनाये जाने वाले स्टेजिंग एरिया, जॉइंट कंट्रोल रूम, शेल्टर, दूरसंचार, मीडिया मैनेजमेंट, क्रॉउड मैनेजमेंट आदि बिन्दुओं पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से चर्चा की गई।