यात्रा सीजन और मसूरी में मॉल रोड निर्माण,  पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन की व्यवस्था की .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव):यात्रा सीजन और मसूरी में मॉल रोड निर्माण को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मसूरी में यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन की व्यवस्था की है। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने इस संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि यात्रा सीजन को देखते हुए मसूरी में समस्त छोटे चौपहिया वाहनों को स्प्रिंग रोड, वेवर्ली चौक से होते हुए एलबीएस एकेडमी और कैम्पटी फॉल की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा यातायात का अधिक दबाव होने पर मसूरी जाने वाले वाहनों को आईटीबीपी कैम्प से पहले हाथीपांव होते हुए एलबीएस एकेडमी और कैम्पटी फॉल की ओर भेजा जाएगा। 

पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिये हैं कि गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले वाहनों को मसूरी की बजाय विकासनगर होते हुए भेजा जाए। बैठक में यह तय किया गया है कि सप्ताहांत में वाहनों को किंगरेट पार्किंग में पार्क कराया जाए। 

यातायात का दबाव अधिक होने पर निकासी वाले वाहनों को बार्लाेगंज, झड़ीपानी होते हुए देहरादून के लिए भेजा जाए, ताकि मसूरी जाने वाले सुगमता से पहुंच सकें। वन वे ट्रैफिक को सुगमता से चलाने के लिए स्प्रिंग रोड, वेवर्ली चौक, कैमल बैक रोड, हाथीपांव रोड की मरम्मत के लिए स्थानीय प्रशासन से वार्ता की जाएगी।