बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक.

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बाल विकास विभाग की बैठक ली। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रो को पूर्ण करने, भवन किराया, मोबाइल रिचार्ज, समिति में टेक होम राशन योजना की राशि सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। 

रेखा आर्य ने कहा कि बैठक में एकल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विस्तार से चर्चा हुई है। इन महिलाओं को बैंकों से लोन लेने में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए कार्य किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने इस दौरान बताया कि विभाग द्वारा लड़की के जन्म पर दी जाने वाली महालक्ष्मी किट अब लड़के के जन्म पर भी दी जाएगी। इसका प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जायेगा।