गैरसैंण के खंसर घाटी के सुदूरवर्ती गांव नैल-देवपुरी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, अधिकांश समस्याओं का DM ने मौके पर किया निस्तारण.

देहरादून/गैरसैंण(हिल न्यूज़ लाइव): चमोली जिले के गैरसैंण विकासखंड में खंसर घाटी के सुदूरवर्ती गांव नैल-देवपुरी में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। 

शिविर में क्षेत्रीय ग्रामीणों की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल सहित विभिन्न 133 समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश समस्याओं का जिलाधिकारी ने मौके पर निस्तारण किया। शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी  देने के साथ ही विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए।  विभागीय स्टॉलों पर 495 से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिविरों के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही मुख्यालय स्तर पर भी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने संबधित अधिकारियों को जनता की शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए अगले 15 दिनों में शिकायतों की निस्तारण आख्या भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।