देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): हरिद्वार के जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित अधिकारियों की बैठक में कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा की। प्रत्येक विभाग की ओर से बैठक में अपर जिलाधिकारी पीएल शाह ने कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं पर आने वाले व्यय आकलन की विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से कांवड़ मेले में की जाने वाली स्वास्थ्य सम्बन्धी व्यवस्थाओं, दवाओं की स्थिति, दवाओं की खरीद, मेडिकल कैम्म आदि के संबंध में जानकारी ली।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेला क्षेत्र में कहां-कहां पर प्रकाश की व्यवस्था की जानी है, को चिह्नित कर लिया गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ पट्टी में छोटे-छोटे मरम्मत कार्य करने के साथ ही पेड़ों की छटाई, साफ-सफाई आदि के कार्य किए जा रहे हैं।
नगर निगम के अधिकारियों ने निगम की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं का विस्तृत ब्योरा दिया। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी, पुलिस, जल संस्थान, जिला पंचायत समेत अन्य विभागों ने भी अपनी तैयारियों का ब्योरा बैठक में प्रस्तुत किया।
#KanwarMelaInharidwar,,



