रिजर्व बैंक ने बैंकों को दिए निर्देश, 2000 के नोट बदलने और संबंधित खाते में जमा हुई राशि का आंकडा रोजाना करें तैयार .

नई दिल्‍ली: रिजर्व बैंक ने बैंकों को निर्देश दिये हैं कि वे 2 हजार रुपये के नोट बदलने और इससे संबंधित खाते में जमा हुई राशि का आंकडा रोजाना तैयार करें। रिजर्व बैंक ने कहा कि बैंकों को मांगे जाने पर इस तरह की जानकारी देनी होगी। 

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज जारी एक परिपत्र में कहा कि बैंकों को गर्मी के मौसम को ध्‍यान में रखते हुए लोगों को प्रतीक्षा के लिए छायादार स्‍थान और पेयजल की व्‍यवस्‍था रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के लिए दो हजार रुपये के नोट बदलने की व्‍यवस्‍था बैंकों के सभी काउंटरों पर सामान्‍य तरीके से उपलब्‍ध रहेगी। 

दास ने कहा कि 2000 रुपये के नोटों को वापस लेना मुद्रा प्रबंधन संचालन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आरबीआई लंबे समय से स्वच्छ नोट नीति का पालन कर रहा है। शक्तिकांत दास ने कहा कि आरबीआई समय-समय पर किसी विशेष श्रृंखला के नोटों को वापस लेता है और नए नोट जारी करता है। 

आज नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में  शक्तिकांत दास ने कहा कि 2000 रुपये के नोट मुख्य रूप से नोटबंदी के बाद वापस लिए गए नोटों की कमी को पूरा करने के लिए शुरु किए गए थे और अब यह उद्देश्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि बैंकों से कहा गया है कि वे कल से शुरू हो रहे 2000 रुपए के नोटों को बदलने के लिए आवश्यक प्रबन्ध करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल 30 सितंबर तक अधिकतर 2000 रुपये के नोट सरकारी खजाने में वापस आ जाएंगे।

#exchange2000notes,,